Type Here to Get Search Results !

डिब्बों में नरमुंड की सूचना पर दौड़ी पुलिस, निकले भ्रूण

0

 लखीमपुर खीरी। शहर के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के निकट नाले के पास लगी झाड़ियों में पड़े डिब्बों में नरमुंड होने की सूचना से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और डिब्बों की जांच की तो उनमें भ्रूण और यूट्रेस (बच्चेदानी) निकली। तब जाकर पुलिस और आसपास के लोगों ने राहत महसूस की।

पुराना भाजपा कार्यालय मार्ग पर राजकीय इंटर कॉलेज के निकट नाला है। नाले के पास ही बड़ी-बड़ी झाड़ियों में शुक्रवार को कुछ लोगों ने सीलबंद पड़े कई डिब्बे देखे। डिब्बों में नरमुंड होनेे की आशंका से सनसनी फैल गई। तमाम लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। किसी ने इसकी सूचना प्रभारी निरीक्षक सदर सुनील कुमार सिंह को दी।

प्रभारी निरीक्षक के आदेश पर पहुंची चौकी मिश्राना पुलिस के साथ जेल गेट चौकी इंचार्ज जेपी यादव ने जब डिब्बों को देखा तो किसी में भ्रूण तो किसी में यूट्रस (बच्चेदानी) थे। डिब्बे के ढक्कनों पर मेडिकल टेप चिपका हुआ था। करीब सात डिब्बों में भ्रूण देखकर लोग अचंभित रह गए। पुलिस के मुताबिक डिब्बों पर चिपकी पर्चियों पर महिलाओं के नाम लिखे थे। आसपास के लोगों ने बताया कि पास में ही एक निजी अस्पताल है। आशंका है कि इसी अस्पताल से डिब्बों में भ्रूण रखकर फेंके गए हो सकते हैं।पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सूचना मिलने पर चौकी इंचार्ज जेल गेट को मौके पर भेजा गया था। कई डिब्बों में बच्चेदानी थीं। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। - सुनील कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ