अंबाला में एयरटेल कंपनी के कार्यालय में आग लग गई है। बताया जा रहा है कि हरियाणा में यही से नेटवर्क ऑपरेट किया जाता है। आग की सूचना से हड़कंप मच गया है। मौके पर दमकल की कई गाडि़यां पहुंची।
अंबाला, जेएनएन। अंबाला से बड़ी खबर है। एयरटेल के मुख्य सर्वर कार्यालय में आग लग गई है। अंबाला स्थित एयरटेल कंपनी के इस कार्यालय से नेटवर्क को ऑपरेट किया जाता है। बताया जा रहा है कि आग की वजह से हरियाणा में एयरटेल का नेटवर्क ठप हो गया। बाद में इसमें सुधार हुआ और अब विभिन्न इलाकों में धीर-धीरे मोबाइल सेवा बहना हो रही है।अंबाला जगाधरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर साहा में स्थित एयरटेल कंपनी के कार्यालय में आग लग गई। आग करीब दो बजे के आसपास लगी। इसकी सूचना दमकल को दी गई। कुछ ही देर में दमकल की कई गाडि़यां वहां पर पहुंच गईं।
आग की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। दमकल के कर्मी आग को नियंत्रण करने में जुट गए। वहां मौजूद कर्मचारियों और दमकल के अधिकारियों ने बताया कि अभी तक किसी तरह से जानमाल का नुकसान नहीं है। हालांकि नेटवर्क ऑपरेट करने वाले इक्विपमेंट जल चुके हैं। वहीं कर्मचारियों का कहना है कि आग की वजह से सर्वर कार्यालय को नुकसान हुआ है। इसकी वजह से मोबाइल नेटवर्क चला गया। मोबाइल और इंटरनेट बंद हो गया। आग लगने के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सकें।


