रेवाड़ी-फुलेरा रेलमार्ग पर एक मालगाड़ी बाछौद-मिर्जापुर रेलवे स्टेशन के पास पटरी से उतर गई। हादसे में रेल की पटरी उखड़ गई और करीब 50 कंटेनर लाइन के अगल-बगल बिखर गए। जयपुर से डीआरएम हादसा स्थल पर पहुंची। हादसे की जांच के लिए टीम बना दी गई है। इस रूट पर जन शताब्दी व चेतक एक्सप्रेस ट्रेन का रूट बदल दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को रेवाड़ी-फुलेरा रेलमार्ग पर काठूवास से मालगाड़ी (कंटेनर ट्रेन) करीब 90 कंटेनर लेकर सुबह रवाना हुई थी। रेलवे स्टेशन अटेली व मिर्जापुर बाछौद के मध्य (भीलवाड़ी गांव) किलोमीटर संख्या 42/4-5 पर डबल स्टेज गुड्स ट्रेन सुबह करीब पौने 11 बजे पटरी से उतर गई। मालगाड़ी में 45 प्लेटफार्म पर 90 कंटेनर रखे हुए थे। जिसमें से करीब 25 प्लेटफार्म पर रखे 50 कंटेनर गिर गए।
हादसे से रेवाड़ी-फुलेरा रेलमार्ग पर यातायात का बाधित हो गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय रेलवे अधिकारी, पुलिस और बीडीपीओ मौके पर पहुंचे। टीम ने मौका मुआयना करने के बाद रेवाड़ी-फुलेरा रूट पर यातायात रोक दिया। इस चार यात्री ट्रेन और करीब 40 मालगाड़ी ट्रेनों के संचालन पर प्रभाव पड़ा। शाम छह बजे जयपुर से डीआरएम मंजुशा जैन पहुंची और स्थित का जायजा लिया गया।मालगाड़ी के पटरी से उतरने की जांच के एक टीम कर रही है। जिससे पता चल सके कि मालगाड़ी कैसे पटरी से उतरी। दूसरी ओर रेलवे लाइन से कंटेनर हटाने के लिए जयपुर से क्रेन मंगवाई गई हैं।

