मुक्ता देवी मंदिर मार्ग के मुख्य गेट के पास निर्माण कार्य करा रहे भाजपा नेता का विरोध कर एक दंपति ने अपने छह बच्चों के साथ आत्मदाह करने की कोशिश की। दंपति का आरोप है कि कब्रिस्तान की भूमि पर भाजपा नेता निर्माण करा रहे हैं। शिकायत पर सुनवाई नहीं हो रही। दंपति व बच्चों को बचाने में थाने का चालक झुलस गया।
जिला अस्पताल पहुंचे एसपी और सीडीओ ने झुलसे लोगों से घटना के बाबत जानकारी ली। सभी नौ लोगों को जिला अस्पताल से हैलट रेफर कर दिया गया है। घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मूसानगर बांगर कस्बे के गुलफान ने बताया कि वह मजदूरी करता है। मुक्तादेवी संपर्क मार्ग पर मंदिर के प्रवेेश द्वार के पास कब्रिस्तान की जमीन पर कस्बा निवासी भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विजय सोनी निर्माण करा रहे हैं।कई दिनों से वहां रातदिन निर्माण कार्य चल रहा है। इसे रुकवाने के लिए थाने से लेकर एसपी तक शिकायत की। तहसील में एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया था। इसके बाद भी अफसरों ने कोई कार्रवाई नहीं की। निर्माण कार्य बंद न होने से खफा गुलफान ने गुरुवार की सुबह निर्माण स्थल के पास पहुंचकर विरोध किया।इसी बीच गुलफान ने खुद के साथ पत्नी अजमेरुन व बेटी मैहजवी (13), मसीहा (12), मोहिना (9), चांदतारा (7), सितारा (5) बेटा मोहम्मद अतीक (11) बच्चों पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। आग की लपटें उठने पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मूसानगर थाने के चालक सत्येंद्र दीक्षित उन्हें बचाने की कोशिश में झुलस गए।झुलसे परिवार के साथ सिपाही को लेकर पुलिस सीएचसी पहुंची। वहां से जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में एसपी केशव कुमार चौधरी, सीडीओ सौम्या पांडेय ने झुलसे लोगों से घटना के बाबत जानकारी ली। एसडीएम दीपाली भार्गव, एएसपी घनश्याम चौरसिया मूसानगर पहुंचे। भोगनीपुर, गजनेर, देवराहट समेत कई थानों को फोर्स बुलाया गया। एक दमकल वाहन को तैनात किया गया। साथ ही निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई है।एक माह पहले जमीन का बैनामा कराया था। इसके बाद पैमाइश कराई गई थी। कब्रिस्तान की जगह छोड़कर निर्माण कार्य करा रहे हैं। कुछ विरोधी लोगों ने फंसाने के लिए साजिश रची है।
विजय सोनी, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा युवा मोर्चा
कब्रिस्तान के नाम ढाई बीघे जमीन दर्ज है। जबकि मौके पर जमीन तीन बीघे है। कब्रिस्तान की जमीन पर कोई निर्माण नहीं हो रहा है। शिकायत मिलने पर 24 जनवरी को पैमाइश कराई गई थी। सभी पक्षों को इससे अवगत कराया गया था।

